महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा आज उच्च प्राथमिक विद्यालय चौपरिया और प्राथमिक विद्यालय सिसवा अमहवा में प्रकाशित आलेख्य निर्वाचक नामावली को मतदाताओं की उपस्थिति में पढ़ा गया।
जिलाधिकारी ने मतदाताओं की उपस्थिति में प्रकाशित आलेख्य निर्वाचक नामावली को पढ़ते हुए मतदाताओं से नामावली का संदर्भ में कोई शिकायत होने की स्थिति में जिला प्रशासन को अवगत कराने के लिए कहा ताकि सूची में कोई त्रुटि होने पर उसमें सुधार किया जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि दिनांक 06 जनवरी 2026 को SIR-2026 के अंतर्गत ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। मतदाता सूची देखने हेतु maharajganj.nic.in
. ELECTION PANEL पर क्लिक कर सूची को देख सकते हैं। साथ ही सूची बीएलओ, संबंधित ईआरओ कार्यालय एवं जिला निर्वाचन कार्यालय महराजगंज में भी उपलब्ध हैं।
जिलाधिकारी ने मतदाताओं को जागरूक करते हुए कहा कि प्रकाशित आलेख्य निर्वाचक नामावली अपना नाम देखने के लिए ceouttarpradesh.nic.in पर EPIC नंबर से अपना नाम, बूथ आदि को देख सकते हैं। उन्होंने बताया कि इसके अलावा वैकल्पिक पोर्टल electoralsearch.eci.gov.in पर भी सभी जानकारियां उपलब्ध हैं। उन्होंने दावे और आपत्ति के संदर्भ में अवगत कराते हुए कहा कि नाम जोड़ने हेतु फॉर्म 6, नाम विलोपन हेतु फॉर्म 7 और संशोधन/स्थान परिवर्तन हेतु फॉर्म 8 को भर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि एनआरआई मतदाता फॉर्म 6A भरकर निर्वाचक नामावली में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि यदि नाम सूची में नहीं है या कोई त्रुटि है, तो संबंधित ईआरओ/बीएलओ से संपर्क करें।
जिलाधिकारी ने बीएलओ और सुपरवाइजर्स को निर्देशित करते हुए कहा कि सुनिश्चित करें कि एक परिवार के सभी सदस्यों का नाम एक ही बूथ पर हों। इसके लिए आवश्यक होने पर फॉर्म 08 भरवाएं। कहा कि सभी मतदाताओं के फोटो साफ और स्पष्ट हों। किसी भी अर्ह मतदाता का नाम छूटने न पाए। उन्होंने कहा कि सुनिश्चित करें कि प्रत्येक मतदाता को प्रकाशित आलेख्य निर्वाचक नामावली की जानकारी हो जाए और उनके दावे और आपत्तियों की समुचित सुनवाई करते हुए उनका निस्तारण नियमानुसार और पारदर्शी तरीके से किया जाए।
उच्च प्राथमिक विद्यालय चौपरिया में कुल दो बूथ स्थापित हैं। बूथ संख्या 177 पर निर्वाचक नामावली में कुल 839 मतदाता पंजीकृत हैं। जबकि बूथ संख्या 178 पर कुल 445 मतदाता निर्वाचक नामावली में पंजीकृत हुए। इसी प्रकार सिसवा अमहवा में दो बूथ हैं। बूथ संख्या 121 पर बीएलओ मीरा कुशवाहा ने बताया कि एसआईआर के उपरांत 1010 मतदाता है और बूथ संख्या 122 के बीएलओ मधुसूदन ने बताया कि एसआईआर के उपरांत 617 मतदाता हैं। इस दौरान नए मतदाताओं से फॉर्म 06 भी भरवाए गए।
उपस्थित मतदाताओं ने सूची में सम्मिलित नामों को लेकर संतोष व्यक्त किया। प्रकाशित आलेख्य निर्वाचक नामवलियां विशेष अभियान के रूप में दिनांक 11.01.2026 (रविवार) को प्रातः 10:00 बजे से सांय 04:00 बजे तक जनपद के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के सभी मतदेय स्थलों / मतदान केन्द्रों पर बैठकों का आयोजन करते हुए मतदाताओं की उपस्थिति में सम्बन्धित बूथ लेवल अधिकारी द्वारा पढ़ा गया है।
मतदेय स्थलों पर सुपरवाइजर्स सहित संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर बैठकों के आयोजन से पूर्व सम्बन्धित मतदान क्षेत्र में मतदाताओं को बैठक के आयोजन की पूर्व से जानकारी प्रदान की गई। आलेख्य मतदाता सूची की जानकारी समस्त मतदाताओं को दी गई तथा मतदात सूची में विद्यमान त्रुटियों / अशुद्धियों के सम्बन्ध में जानकारी होने पर नियमानुसार संशोधन की कार्यवाही का आश्वासन दिया गया।
इस दौरान स्थानीय मतदाता ऋषिकेश पटेल, मोहनलाल गुप्ता, रामटहल, भभूती, बैजनाथ, संतोष, छेदी, मुन्ना आदि लोग उपस्थित रहे।









