महराजगंज।जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में जनपदस्तरीय खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की त्रैमासिक समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद में लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के दृष्टिगत शत–प्रतिशत खाद्य प्रतिष्ठानों का रजिस्ट्रेशन और लाइसेंस सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों, प्राथमिक विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने हेतु ब्लॉकवार उक्त विद्यालयों और केंद्रों की ब्लॉकवार जांच करने का निर्देश दिया। उन्होंने पेय पदार्थों की जांच हेतु भी मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी को निर्देशित किया।
साथ ही फूड सप्लीमेंट के नमूने संग्रहित कर जांच हेतु निर्देशित किया, ताकि युवाओं को मिलावटी फूड सप्लीमेंट के दुष्प्रभावों से बचाया जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि विभिन्न न्यायालयों में निर्णीत वादों में प्रवर्तन कार्य तेज करने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने औषधि निरीक्षक को सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थित मेडिकल स्टोरों की प्रभावी निगरानी हेतु निर्देशित किया।
इससे पूर्व मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 1114 लाइसेंस और 6069 पंजीकरण किए गए हैं। वर्ष 2025–26 में नवंबर माह तक दायर वाद 119 हैं जबकि एडीएम न्यायालय से 131 वादों में निर्णय हुआ है और इनमें 15 लाख 81 हजार का जुर्माना वसूल किया गया है। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि नवंबर माह तक 205 नमूने संकलित कर प्रयोगशाला में जांच हेतु भेजा गया। इनमें 158 नमूने अधोमानक पाए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसे तत्व जो खाद्य पदार्थों में मिलावट करते हैं, उनके विरुद्ध कठोरतम कार्यवाही सुनिश्चित करें। कहा कि जनपदवासियों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी डॉ प्रशांत कुमार, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकरी के.के. उपाध्याय, वरिष्ठ कोषाधिकारी राजकुमार गुप्ता, जिला पूर्ति अधिकारी ए.पी. सिंह, एलडीएम बी.एन. मिश्रा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे









