प्रगाढ़ पुनरीक्षण हेतु सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों का प्रशिक्षण सम्पन्न-purvanchal bulletin-अर्जुन यादव की रिपोर्ट
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उ.प्र., लखनऊ के निर्देशानुसार आगामी प्रगाढ़ पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) के दृष्टिगत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के समस्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्वाचक नामावलियों से संबंधित विधिक प्रावधानों एवं ईआरओ नेट/आईटी की गतिविधियों, उनके दायित्वों व कर्तव्यों के संबंध में प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
यह प्रशिक्षण कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुआ, जिसकी अध्यक्षता उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर उपजिलाधिकारी, देवरिया सदर ने की। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों का परिचय प्राप्त कर आभार व्यक्त किया तथा बैठक का संचालन अपर उप जिलाधिकारी द्वारा किया गया।
्प्रशिक्षण के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उ.प्र., लखनऊ द्वारा निर्गत निर्देशों एवं कार्यक्रम की प्रति उपलब्ध करायी गयी तथा ईआरओ नेट पोर्टल के माध्यम से सम्पादित किए जाने वाले कार्यों की जानकारी प्रोजेक्टर के माध्यम से दी गई। फार्म-6, 7 एवं 8 को ईआरओ नेट पोर्टल/वीएचए ऐप एवं बीएलओ ऐप पर भरने एवं निस्तारण की संपूर्ण प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई।
प्रशिक्षणोपरांत सभी सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की मूल्यांकन परीक्षा भी करायी गयी, जिसमें शत-प्रतिशत अधिकारी सफल घोषित हुए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अपने क्षेत्र में सभी एईआरओ के मध्य मतदेय स्थलों का आवंटन सुनिश्चित करें तथा उनके कार्यों का नियमित पर्यवेक्षण करें।
साथ ही आयोग की मंशानुरूप पुनरीक्षण संबंधी कार्यों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु कंप्यूटर आपरेटरों को तहसील स्थित वीआरसी सेंटर से सम्बद्ध करने के निर्देश दिए गए।









