ईंट भट्ठे के गड्ढे में डूबे दो मासूमों के परिजनों को मिली आर्थिक सहायता-महराजगंज,उत्तर प्रदेश । तहसील सदर क्षेत्र के ग्राम सालंतगढ़ वनटांगिया निवासी डब्लू साहनी के परिवार को प्रशासन द्वारा आर्थिक सहायता प्रदान की गई। उल्लेखनीय है कि दिनांक 5 मई 2026 को ईंट भट्ठे के पानी से भरे गड्ढे में डूबने से परिवार के दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मृत्यु हो गई थी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई थी।
पीड़ित परिवार से मुलाकात करने पहुंचे विधायक सदर, उपजिलाधिकारी सदर एवं तहसीलदार सदर ने परिवार को ढांढस बंधाया तथा हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। इस दौरान शासन की ओर से राहत सहायता के रूप में मृतक बच्चों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये के दो चेक, कुल 8 लाख रुपये की आर्थिक सहायता वितरित की गई।
अधिकारियों ने कहा कि इस दुखद घटना से प्रशासन भी व्यथित है और पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई कि पानी से भरे गड्ढों एवं खतरनाक स्थानों के आसपास बच्चों को अकेले न जाने दें, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।
ग्रामीणों ने प्रशासन द्वारा त्वरित सहायता प्रदान किए जाने पर आभार व्यक्त किया। वहीं गांव में अभी भी घटना को लेकर शोक और मातम का माहौल बना हुआ है।









