म्यूल अकाउंट गिरोह का पर्दाफाश, साइबर क्राइम टीम की बड़ी कार्रवाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

म्यूल अकाउंट गिरोह का पर्दाफाश, साइबर क्राइम टीम की बड़ी कार्रवाई-अर्जुन यादव की रिपोर्ट देवरिया 

देवरिया। जनपद में साइबर क्राइम टीम ने म्यूल अकाउंट के माध्यम से ऑनलाइन धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने डमी कंपनी बनाकर करोड़ों रुपये के संदिग्ध ट्रांजैक्शन करने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है तथा उसके पास से बड़ी मात्रा में दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक देवरिया के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी एवं क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में थाना साइबर क्राइम टीम ने 02 अप्रैल 2026 को कार्रवाई करते हुए थाना बरहज क्षेत्र के बेलडाड़ मोड़ के पास से अभियुक्त माखन लाल गुप्ता निवासी बरगइया टोला जयनगर, थाना बरहज को गिरफ्तार किया। जांच में पता चला कि अभियुक्त द्वारा “लेक्सी रुफ सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड” नाम से कंपनी बनाकर कई लोगों के बैंक खातों का संचालन किया जा रहा था, जिनका उपयोग ऑनलाइन ठगी के धन के ट्रांजैक्शन के लिए किया जाता था।

जांच के दौरान पता चला कि कंपनी के खातों के संबंध में एनसीआरपी पोर्टल पर विभिन्न राज्यों से कुल 46 शिकायतें दर्ज हैं। इन खातों के माध्यम से अब तक लगभग 60 करोड़ रुपये का संदिग्ध ट्रांजैक्शन किया गया है, जो एक बड़े साइबर धोखाधड़ी नेटवर्क की ओर संकेत करता है।

पुलिस ने अभियुक्त के पास से 11 चेकबुक, एटीएम कार्ड, पासबुक, आधार कार्ड, कंपनी से जुड़े कई एग्रीमेंट, जीएसटी रजिस्ट्रेशन, कंपनी के दस्तावेज, एक एप्पल मोबाइल फोन तथा दो डेल लैपटॉप सहित अन्य कागजात बरामद किए हैं। अभियुक्त के खिलाफ साइबर क्राइम थाना में विभिन्न धाराओं एवं आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है तथा गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अपने बैंक खाते, एटीएम, ओटीपी और अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध लेन-देन की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें