शादी से इंकार करने पर युवती की हत्या, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार-अर्जुन यादव की रिपोर्ट देवरिया
देवरिया।थाना मदनपुर पुलिस ने हत्या की एक गंभीर घटना का सफल अनावरण करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक देवरिया संजीव सुमन के निर्देश पर जनपद में अपराध एवं अपराधियों की रोकथाम हेतु चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनन्द कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर हरिराम यादव के पर्यवेक्षण में थाना मदनपुर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना मदनपुर पर मु0अ0सं0 30/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत दर्ज हत्या के मामले में अभियुक्त बीरबहादुर उर्फ शिवम पुत्र बृजेश प्रसाद निवासी बराँव थाना मदनपुर जनपद देवरिया को दिनांक 02 अप्रैल 2026 की रात मुखबिर की सूचना पर मदनपुर पेट्रोल पंप से आगे सेमरा पुल जाने वाले मार्ग के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त रस्सी भी बरामद की है।
बताया गया कि वादी शिवानन्द प्रसाद ने थाना मदनपुर में तहरीर देकर सूचना दी थी कि उनकी पुत्री से जबरदस्ती शादी करने के लिए आरोपी दबाव बना रहा था। शादी से इंकार करने पर आरोपी ने खुन्नस में आकर 01/02 अप्रैल 2026 की रात युवती को घर से बाहर ले जाकर अपने घोठे पर रस्सी से गला घोटकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है तथा मामले की विवेचना जारी है।









