महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा आज विधानसभा क्षेत्र महराजगंज–318 के अंतर्गत तहसील सदर में मतदाताओं को जारी नोटिसों की सुनवाई का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नो मैपिंग मतदाताओं को जारी नोटिसों की संख्या की जानकारी ली। नायब तहसीलदार सदर ने बताया कि नो मैपिंग मतदाताओं को जारी नोटिस की संख्या 44757 है, जबकि लगभग 26332 मतदाताओं की सुनवाई पूरी हो चुकी है, जो कि लगभग 59 प्रतिशत है। जिलाधिकारी ने आज हुई सुनवाई की जानकारी ली।
नायब तहसीलदार ने बताया कि कुल 06 अतिरिक्त एईआरओ द्वारा आज कुल 148 सुनवाई पूरा किया गया है। जिलाधिकारी ने नोटिस जारी कर समयांतर्गत सुनवाई पूर्ण करने का निर्देश दिया। कहा कि यदि कोई मतदाता नियत तिथि पर नहीं पहुंच पाता है, तो उसकी सुनवाई अन्य तिथियों में भी सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को बूथों पर जाकर भी सुनवाई करने का निर्देश दिया, ताकि शत–प्रतिशत मतदाताओं की सुनवाई पूर्ण की जा सके। साथ ही संबंधित ईआरओ को राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर उनके निर्वाचक नामावली उपलब्ध कराते हुए, उनसे अपने–अपने बीएलए के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा संख्या में मतदाताओं को सुनवाई स्थल तक लाने के लिए निर्देशित किया। जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि कोई भी अर्ह मतदाता निर्वाचक नामावली में दर्ज होने से वंचित न होने पाए। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण की सुनवाई पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष एवं शुचितापूर्ण तरीके से सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने सुनवाई स्थल पर उपस्थित मतदाताओं से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं अनुभवों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदाताओं की सुविधा हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित रहें तथा हेल्प डेस्क के माध्यम से प्रत्येक मतदाता को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए। जिलाधिकारी ने मतदाताओं से अपील की अपने आवश्यक दस्तावेज के साथ आकर अपना नाम निर्वाचक नामावली में दर्ज कराएं।
इस दौरान एसडीएम सदर जितेंद्र कुमार, नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार सदर प्रद्युम्न सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।









