महराजगंज। जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में इण्टर कालेज व कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में बच्चों के प्रति सामान्य स्थिति को बनाए रखने हेतु जिला विद्यालय निरीक्षक तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के साथ कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में समन्वय समिति एवं काउंसलर की नियुक्ति के संबंध में बैठक की गयी।
जिलाधिकारी द्वारा जिला विद्यालय निरीक्षक व बीएसए को निर्देशित किया गया कि स्कूल, कालेज में बच्चों की सामान्य, सामाजिक व किसी प्रकार से मानसिक दबाव वाले बच्चों को उबारने हेतु मनोचिकित्सक व अध्यापकों को नियुक्त करने हेतु एक सप्ताह के अन्तर्गत पत्रावली प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि विद्यालय व कोचिंग सेंटरों में मेधा क्षमता के आधार पर किसी प्रकार समूह न बनाया जाए।
जिससे बच्चों में मानसिक दबाव की स्थिति पैदा हो। साथ ही बच्चों को मानसिक और सामाजिक दबाव से बचाने हेतु विद्यालयों में एक काउंसलर को रखा जाय, जो छात्र–छात्राओं की समुचित काउंसलिंग कर सके। इसके अलावा अभिभावकों को भी बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य के संदर्भ में जागरूक कर सके।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि समिति कोचिंग सेंटरों के पंजीकरण/नवीनीकरण हेतु प्राप्त आवेदनों की जांच करके ही सत्यापित करें। कोचिंग सेंटर में मानसिक स्वास्थ्य हेतु परामर्शदाता, सुरक्षा आदि हेतु आवश्यक इंतजामों को समिति देखे।
उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक को यह भी निर्देश दिए कि बोर्ड परीक्षा पूर्व विद्यालयों में मानसिक व स्वास्थ्य को सन्तुलन कायम रखने हेतु एक कार्यशाला का आयोजन किया जाय, जिससे बालक-बालिकाओं को मानसिक दबाव से मुक्त रखा जा सके और बच्चे बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, सी0ओ0 अनिरुद्ध कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा, बीएसए ऋद्धि पाण्डेय, जिला कार्यक्रम अधिकारी दुर्गेश कुमार, डिप्टी सीएमओ सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।









