मोबाइल छीनकर भाग रहे दो चोरों को युवक ने बाइक से पीछा कर पकड़ा -अर्जुन यादव की रिपोर्ट देवरिया
देवरिया में रविवार को मोबाइल छीनकर भाग रहे दो चोरों को अपनी हिम्मत और सूझबूझ से एक युवक ने पीछा कर पकड़ लिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में युवक के साहस की चर्चा हो रही है।
जानकारी के अनुसार, अमन यादव पुत्र कमलेश यादव भीखमपुर रोड से अंबेडकर नगर स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान प्लेटिना बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे और उनका मोबाइल झपटकर भाग निकले। अचानक हुई वारदात से अमन सड़क पर गिर पड़े, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और तुरंत बाइक से उठकर चोरों का पीछा किया।
करीब एक किलोमीटर पीछा करने के बाद अमन ने कसया रोड स्थित पलक लॉन के पास दोनों चोरों को पकड़ लिया। मौके पर ग्रामीणों ने भी सहयोग करते हुए पुलिस को सूचना दी।
कोतवाल डीके सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद लोग अमन यादव की बहादुरी की सराहना कर रहे हैं









