जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की समीक्षा बैठक कैंप कार्यालय में किया
महराजगंज । जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि ऐसे सभी परिसरों जहां भोजन पकाया जाता है या बेचा जाता है, उनका निरीक्षण कर निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराएं। जिलाधिकारी ने सभी हॉकर्स/स्ट्रीट वेंडर्स/आंगनबाड़ी केंद्र का foscos.fssai.gov.in पर पंजीकरण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने हॉकर्स और रेहड़ी–पटरी व्यवसायियों से भी स्वपंजीकरण का अनुरोध किया।
जिससे उनको खाद्य सुरक्षा विभाग से आवश्यक जानकारी और सहयोग प्राप्त हो सके। जिलाधिकारी ने औषधि निरीक्षक को दवा दुकानों के निरीक्षण के पूर्व संबंधित एसडीएम को इसकी सूचना प्रेषित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में दवा बिक्री के लाइसेंस में कठोरता के साथ जांच का निर्देश दिया।
उन्होंने लाइसेंसधारक दवा विक्रेताओं की सूची समस्त एसडीएम को उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया। बैठक में एसडीएम सदर रमेश कुमार, एसडीएम फरेंदा प्रतीक्षा त्रिपाठी, सहायक आयुक्त औषधि प्रशासन डॉ टी.आर. रावत, औषधि निरीक्षक डी.पी. मौर्या सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।









