नन्हीं मुस्कानों की रोशनी: सीडीपीओ अनुराग कुमार त्रिपाठी ने बदली बाल विकास परियोजना की तस्वीर
साथव गईं हज़ारों मासूम मुस्कानों की दुआएं और पीछे रह गई एक ऐसी विरासत जो आँकड़ों में नहीं, दिलों में दर्ज है।
महराजगंज, उत्तर प्रदेश।महराजगंज जनपद में तैनात रहे बाल विकास परियोजना अधिकारी अनुराग कुमार त्रिपाठी का 3 वर्ष 8 माह का कार्यकाल बेहतर प्रेरणादायक रहा। श्री त्रिपाठी का कार्यकाल केवल एक सेवा अवधि नहीं था, यह एक परिवर्तन की कहानी थी। ऐसी कहानी, जो यह साबित करती है कि जब जिम्मेदारी में संवेदना जुड़ती है, तो प्रशासन नहीं, एक आंदोलन जन्म लेता है — मुस्कान की क्रांति का।
उत्तर प्रदेश के जनपद महराजगंज में बाल विकास परियोजना की एक नई पहचान बनी — एक ऐसा कालखंड, जो बच्चों की मुस्कुराहटों से सजा, संवेदना से संवरता गया। इस प्रेरणादायक यात्रा के सूत्रधार रहे सीडीपीओ अनुराग कुमार त्रिपाठी, जिनका तीन वर्ष आठ माह का कार्यकाल न केवल प्रशासनिक दृष्टि से सराहनीय रहा, बल्कि मानवता और करुणा की जीवंत मिसाल भी बना। जहाँ सरकारी योजनाएँ अक्सर आँकड़ों और फाइलों तक सिमट जाती हैं, वहीं श्री त्रिपाठी ने उन्हें ज़मीनी हकीकत में बदला। आंगनबाड़ी केंद्रों को केवल सुविधा स्थल नहीं, बल्कि बच्चों के लिए स्नेह और सीख का घर बना दिया। बच्चों को टॉफी, फल और पौष्टिक आहार देकर पोषण के साथ मुस्कुराहटें भी परोसीं — एक छोटी सी पहल, जिसने नन्हें जीवन में ऊर्जा और आत्मविश्वास की मिठास घोल दी।
पोषण ट्रैकर ऐप के माध्यम से कुपोषित बच्चों की पहचान और देखरेख को प्राथमिकता दी गई। NRC में भर्ती कराकर उन्हें नया जीवन देने का कार्य निष्ठा से किया गया। साथ ही, मिशन यशोदा और पोषण पंचायत जैसी योजनाओं को जीवंत बनाकर न केवल बच्चों के विकास में योगदान दिया, बल्कि पूरे समाज को जागरूक और संवेदनशील बनाने का प्रयास किया।
इस प्रेरक यात्रा की सबसे उज्ज्वल तस्वीर तब सामने आई जब ग्राम पंचायत भगवानपुर की डेढ़ वर्षीय बच्ची ‘विद्या’ को गोद लिया गया। यह कोई साधारण घटना नहीं थी — यह उस सोच की जीत थी जो मानती है कि हर बच्चा केवल आँकड़ा नहीं, बल्कि स्नेह और सुरक्षा का अधिकारी है। विद्या को परिवार और भविष्य दोनों मिले, और महराजगंज को मिला एक उदाहरण जो आने वाले वर्षों तक प्रेरणा देता रहेगा।
सीडीपीओ अनुराग कुमार त्रिपाठी ने यह सिद्ध किया कि एक संवेदनशील प्रशासनिक अधिकारी की सोच और मेहनत समाज की दिशा बदल सकती है।









