महराजगंज, उत्तर प्रदेश–मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं ऑपरेशन कायाकल्प की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालयों में उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं, नामांकन सहित विभिन्न शैक्षिक योजनाओं की ब्लॉकवार समीक्षा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने समस्त खंड विकास अधिकारियों एवं खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत निर्धारित विभिन्न पैरामीटर के अनुसार विद्यालयों में शेष कार्यों को एक सप्ताह के भीतर अनिवार्य रूप से प्रारंभ कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने तथा कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। किसी भी स्तर पर समस्या आने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराने को कहा।
मुख्य विकास अधिकारी ने ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत असंतृप्त विद्यालयों को अभियान चलाकर संतृप्त करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने विद्यालयों में बाउंड्रीवाल निर्माण, विद्युत कनेक्शन, टाइलीकरण सहित अन्य आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
बैठक में स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत नामांकन की प्रगति की समीक्षा करते हुए लक्ष्य के अनुरूप अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही पीएम श्री विद्यालयों में नवीन नामांकन की स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्धारित लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।

मुख्य विकास अधिकारी ने आरटीई एक्ट-2009, स्मार्ट क्लास एवं अपार आईडी सहित अन्य योजनाओं की ब्लॉकवार समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में डीडीओ बी.एन. कन्नौजिया, बीएसए सुरजीत सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित समस्त खंड विकास अधिकारी एवं खंड शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।







