महराजगंज उत्तर प्रदेश।रक्षाबंधन के पावन पर्व से पूर्व जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आईं बालिकाओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी श्री गौरव सिंह सोगरवाल को राखी बांधी और मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। इस आत्मीय अवसर पर जिलाधिकारी ने सभी बहनों का स्नेहपूर्वक स्वागत किया और उन्हें आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सुखद भविष्य की कामना की।
जिलाधिकारी ने बच्चियों और युवतियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी शिक्षा, रुचियों तथा भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली।

उन्होंने उनकी पढ़ाई और कैरियर को लेकर चर्चा करते हुए कहा कि जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने सभी को बेहतर शिक्षा प्राप्त करने तथा अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद की बेटियां और बहनें परिवार एवं समाज की महत्वपूर्ण शक्ति हैं। उनकी सुरक्षा, शिक्षा और प्रगति प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बच्चियों से कहा कि उन्हें किसी भी प्रकार की सहायता या समस्या हो तो वे बेहिचक उनसे संपर्क कर सकती हैं। जिला प्रशासन उनकी हरसंभव मदद के लिए सदैव तत्पर रहेगा।
रक्षाबंधन के इस भावनात्मक अवसर पर जिलाधिकारी ने सभी बहनों को राखी का शगुन भी प्रदान किया। शगुन पाकर बच्चियां और युवतियां बेहद खुश और भावुक थीं। उन्होंने जिलाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस आत्मीय मुलाकात को अपने लिए यादगार बताया।







