देवरिया -उत्तर प्रदेश । जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने जनपद में श्रमिकों की सुविधा एवं उनके हितों को ध्यान में रखते हुए गोरखपुर रोड स्थित देवरिया– गोरखपुर ओवरब्रिज के नीचे नवीन श्रमिक अड्डा स्थापित किए जाने हेतु स्थल का चयन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को हनुमान मंदिर के पास वर्तमान में संचालित श्रमिक अड्डे को नवीन चयनित स्थल पर स्थानांतरित कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि नवीन श्रमिक अड्डे पर श्रमिकों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। इसके अंतर्गत शौचालय, स्वच्छ पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था सहित अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि श्रमिकों को कार्य की प्रतीक्षा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रमिक अड्डे पर आने वाले श्रमिकों का व्यवस्थित ढंग से पंजीकरण कराया जाए तथा उन्हें श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्रतानुसार लाभान्वित किया जाए। इसके साथ ही श्रमिकों को शासन की योजनाओं से जोड़ने के लिए आवश्यक कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर सहायक श्रम आयुक्त, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद देवरिया, डीएसटीओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।





