आगामी पर्व को लेकर पुरन्दरपुर थाने में हुई पीस कमेटी की बैठक, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील
आशीष चौरसिया की रिपोर्ट
महराजगंज। आगामी त्योहार धनतेरस, लक्ष्मी पूजा, दीपावली एवं छठ महोत्सव को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार, 3 नवंबर 2026 को थाना परिसर पुरन्दरपुर में पीस कमेटी (शांति समिति) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी फरेंदा दीपशिखा वर्मा ने की। इस दौरान पुरन्दरपुर थाना अध्यक्ष गौरव कुमार कनौजिया भी मौजूद रहे।
बैठक में क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, ग्राम प्रधानों, बीडीसी सदस्यों, पूजा समिति के आयोजकों, व्यापारियों तथा डीजे एवं साउंड सिस्टम संचालकों ने सहभागिता की।
क्षेत्राधिकारी दीपशिखा वर्मा ने सभी आयोजकों को शासन-प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने पूजा पंडालों एवं छठ घाटों पर सुरक्षा, अग्निशमन उपकरण, बिजली की सुरक्षित व्यवस्था और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
वहीं डीजे एवं साउंड सिस्टम संचालकों को निर्धारित समय और ध्वनि सीमा के अनुसार ही साउंड बजाने की हिदायत दी गई। साथ ही किसी भी प्रकार के भड़काऊ गाने न बजाने के निर्देश दिए गए।
थाना अध्यक्ष गौरव कुमार कनौजिया ने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों एवं पूजा स्थलों पर भीड़ को देखते हुए आयोजक स्वयंसेवकों की तैनाती करें और पुलिस प्रशासन का सहयोग बनाए रखें। उन्होंने अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
बैठक में उपस्थित लोगों ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने और सभी त्योहार आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ मनाने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने सभी से शांति, कानून व्यवस्था एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में सकुशल संपन्न हुई।
